क्या भारत में एयर कंडीशनर ही भविष्य है? ऊर्जा और Cooling मॉडल

एयर कंडीशनर

बढ़ती गर्मी, एयर कंडीशनर, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच भारत के कूलिंग मॉडल का एक समग्र विश्लेषण।

पिछले एक दशक में भारत में गर्मी केवल एक मौसमी घटना नहीं रह गई है, बल्कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य, शहरी नियोजन, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी एक गंभीर राष्ट्रीय चुनौती के रूप में उभरकर सामने आई है। अब गर्मी केवल दोपहर तक सीमित नहीं रहती, बल्कि रात का तापमान भी पहले की तुलना में अधिक रहने लगा है। परिणामस्वरूप लोगों के लिए प्राकृतिक रूप से राहत प्राप्त करना पहले की अपेक्षा कहीं अधिक कठिन होता जा रहा है।

ऐसी परिस्थितियों में एयर कंडीशनर (AC) धीरे-धीरे एक विलासिता की वस्तु से दैनिक आवश्यकता में परिवर्तित होता दिखाई दे रहा है। कुछ वर्ष पहले तक भारतीय परिवारों में एयर कंडीशनर आर्थिक सम्पन्नता का प्रतीक माना जाता था, लेकिन आज यह बदलती जलवायु के विरुद्ध सबसे व्यावहारिक और प्रभावी साधन के रूप में देखा जा रहा है। विशेषकर महानगरों और तेजी से विकसित हो रहे शहरों में ऐसी परिस्थितियाँ बन रही हैं जहाँ एयर कंडीशनर केवल सुविधा नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और कार्यक्षमता बनाए रखने का माध्यम बनता जा रहा है।

हालाँकि, यह परिवर्तन केवल व्यक्तिगत जीवनशैली तक सीमित नहीं है। एयर कंडीशनर का बढ़ता उपयोग भारत की ऊर्जा व्यवस्था, पर्यावरण और शहरी विकास की दिशा पर भी गहरा प्रभाव डालता है। प्रत्येक नया एयर कंडीशनर बिजली की मांग बढ़ाता है, और यह मांग सामान्य समय में नहीं बल्कि उन्हीं गर्म दिनों में चरम पर पहुँचती है जब विद्युत प्रणाली पहले से ही अधिकतम दबाव का सामना कर रही होती है। इस प्रकार कूलिंग की आवश्यकता और ऊर्जा की उपलब्धता के बीच एक नया संबंध स्थापित हो रहा है, जिसकी अनदेखी भविष्य में गंभीर चुनौतियाँ उत्पन्न कर सकती है।

इस पूरी चर्चा का एक रोचक सामाजिक पक्ष भी है। एयर कंडीशनर का प्रसार अक्सर स्वयं अपनी मांग उत्पन्न करता है। जब किसी आवासीय क्षेत्र, कार्यालय परिसर या व्यावसायिक इलाके में बड़ी संख्या में एयर कंडीशनर लगाए जाते हैं, तो वे अपने भीतर की ऊष्मा को बाहर फेंकते हैं। इससे आसपास का बाहरी वातावरण और अधिक गर्म हो जाता है। परिणामस्वरूप वे लोग भी, जो पहले बिना एयर कंडीशनर के रह लेते थे, बढ़ती गर्मी के कारण अंततः एयर कंडीशनर लगाने को विवश हो जाते हैं। इस प्रकार कूलिंग की समस्या एक “Cooling Spiral” या “कूलिंग चक्र” का रूप लेने लगती है, जिसमें प्रत्येक नया एयर कंडीशनर अगले एयर कंडीशनर की आवश्यकता को और बढ़ा देता है। यह केवल तकनीकी नहीं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय चुनौती भी है।

यहीं से एक बड़ा प्रश्न सामने आता है, क्या भारत भविष्य में प्रत्येक परिवार को एयर कंडीशनर उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ सकता है? यदि हाँ, तो क्या देश की बिजली व्यवस्था इस अतिरिक्त मांग को वहन करने में सक्षम होगी? क्या नवीकरणीय ऊर्जा का तेजी से विस्तार इस आवश्यकता को पूरा कर सकेगा, या फिर समस्या केवल बिजली उत्पादन की नहीं, बल्कि वितरण, ऊर्जा दक्षता और शहरी नियोजन की भी है? और सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यह कि क्या बढ़ती गर्मी का समाधान केवल अधिक एयर कंडीशनर लगाने में है, या हमें कूलिंग की पूरी अवधारणा पर पुनर्विचार करने की आवश्यकता है?

यह लेख इन्हीं प्रश्नों का उत्तर खोजने का प्रयास करता है। इसका उद्देश्य एयर कंडीशनर के पक्ष या विपक्ष में तर्क देना नहीं है, बल्कि भारत की जलवायु, ऊर्जा अवसंरचना, पर्यावरणीय दायित्वों और विकास की वास्तविकताओं को साथ रखकर यह समझना है कि आने वाले वर्षों में भारत के लिए कूलिंग (Cooling) का सबसे व्यवहारिक, टिकाऊ और न्यायसंगत मॉडल क्या हो सकता है।

भारत में एयर कंडीशनर की बढ़ती मांग : क्या यह केवल आर्थिक विकास का परिणाम है?

भारत में एयर कंडीशनर बिक्री का बढता ट्रेड

पिछले एक दशक में भारत में एयर कंडीशनर की बिक्री जिस गति से बढ़ी है, वह केवल उपभोक्ता बाजार के विस्तार की कहानी नहीं है, बल्कि देश में हो रहे व्यापक सामाजिक, आर्थिक और जलवायु परिवर्तनों का प्रतिबिंब भी है। कुछ वर्ष पहले तक एयर कंडीशनर मुख्यतः महानगरों के उच्च आय वर्ग तक सीमित थे, किन्तु आज यह छोटे शहरों और उभरते मध्यम वर्ग के घरों में भी तेजी से अपनी जगह बना रहे हैं। बदलती जीवनशैली, बढ़ती आय, आसान उपभोक्ता ऋण और तकनीकी प्रगति ने एयर कंडीशनर को पहले की तुलना में अधिक सुलभ अवश्य बनाया है, परंतु इसकी बढ़ती मांग को केवल आर्थिक समृद्धि से जोड़कर नहीं देखा जा सकता।

उपरोक्त चित्र यह स्पष्ट संकेत देता है कि पिछले दस वर्षों में भारत में एयर कंडीशनर बाजार ने अभूतपूर्व विस्तार किया है। उल्लेखनीय तथ्य यह है कि आज भी देश के केवल लगभग 8 से 10 प्रतिशत घरों में ही एयर कंडीशनर उपलब्ध हैं। पहली दृष्टि में यह प्रतिशत कम प्रतीत होता है, लेकिन वास्तव में यही भारत के भविष्य की सबसे बड़ी कहानी है। इसका अर्थ यह है कि देश का अधिकांश आवासीय बाजार अभी भी एयर कंडीशनर से वंचित है। यदि आने वाले वर्षों में प्रति व्यक्ति आय बढ़ती है, शहरीकरण का विस्तार होता है और तापमान में वृद्धि का वर्तमान रुझान जारी रहता है, तो एयर कंडीशनर की मांग में कई गुना वृद्धि होना लगभग निश्चित माना जा सकता है।

यह वृद्धि केवल आय का परिणाम नहीं है, बल्कि जलवायु परिवर्तन का भी प्रत्यक्ष प्रभाव है। पिछले कुछ वर्षों में देश के अनेक भागों में गर्मी की अवधि लंबी हुई है, रात का तापमान भी पहले की अपेक्षा अधिक रहने लगा है तथा लगातार कई दिनों तक अत्यधिक गर्म परिस्थितियाँ बनी रहती हैं। ऐसे वातावरण में पंखे और पारंपरिक कूलिंग के साधन पहले जितने प्रभावी नहीं रह गए हैं। विशेषकर बहुमंजिला इमारतों, घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों तथा कंक्रीट प्रधान कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के लिए एयर कंडीशनर धीरे-धीरे आवश्यकता का रूप ले रहा है।

इस परिवर्तन का एक सामाजिक आयाम भी है, जिस पर सामान्यतः कम चर्चा होती है। किसी भी शहर में जब बड़ी संख्या में लोग एयर कंडीशनर का उपयोग करने लगते हैं, तो उसके प्रभाव केवल उनके घरों तक सीमित नहीं रहते। एयर कंडीशनर कमरे के भीतर की ऊष्मा को बाहर फेंकता है। परिणामस्वरूप भवनों के बाहर का तापमान स्थानीय स्तर पर और अधिक बढ़ जाता है। इसे कई शोधों में Waste Heat Effect के रूप में वर्णित किया गया है। जब किसी मोहल्ले, अपार्टमेंट या व्यावसायिक क्षेत्र में हजारों एयर कंडीशनर एक साथ चलते हैं, तो पूरा स्थानीय वातावरण अपेक्षाकृत अधिक गर्म महसूस होने लगता है।

यहीं से एक प्रकार का “Cooling Spiral” (कूलिंग चक्र) प्रारंभ होता है। मान लीजिए किसी कॉलोनी में केवल कुछ परिवार एयर कंडीशनर लगाते हैं। उनके AC से निकलने वाली गर्म हवा धीरे-धीरे आसपास के वातावरण का तापमान बढ़ाती है। इससे वे परिवार भी असुविधा महसूस करने लगते हैं जो पहले बिना एयर कंडीशनर के रह रहे थे। अंततः वे भी एयर कंडीशनर खरीद लेते हैं। फिर नए एयर कंडीशनर और अधिक गर्मी बाहर छोड़ते हैं, जिससे शेष लोगों पर भी वही दबाव बनता है। इस प्रकार एयर कंडीशनर की मांग केवल जलवायु परिवर्तन से नहीं, बल्कि स्वयं एयर कंडीशनर के व्यापक उपयोग से भी बढ़ने लगती है। यह एक प्रकार का आत्म-प्रेरित (Self-reinforcing) चक्र है।

भारत जैसे तेजी से शहरीकरण कर रहे देश में यह प्रवृत्ति और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। अनुमान है कि अगले एक दशक में देश की शहरी आबादी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसके साथ ही बहुमंजिला आवास, सीमित खुले क्षेत्र, घटते हरित आवरण और कंक्रीट आधारित निर्माण तेजी से बढ़ेंगे। ऐसी परिस्थितियों में प्राकृतिक वेंटिलेशन और पारंपरिक कूलिंग तकनीकों की प्रभावशीलता कम होती जाएगी, जिससे एयर कंडीशनर पर निर्भरता स्वाभाविक रूप से बढ़ेगी। अर्थात् भविष्य में एयर कंडीशनर की मांग केवल जनसंख्या वृद्धि का परिणाम नहीं होगी, बल्कि शहरों के बदलते स्वरूप का भी प्रत्यक्ष प्रभाव होगी।

इसलिए वास्तविक प्रश्न यह नहीं है कि भारत में एयर कंडीशनर की बिक्री क्यों बढ़ रही है; बल्कि यह है कि क्या भारत की ऊर्जा व्यवस्था इस बढ़ती कूलिंग मांग के लिए पर्याप्त रूप से तैयार है? इसी कारण से से यह चर्चा केवल उपभोक्ता बाजार मात्र की नहीं रह जाती, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरणीय स्थिरता और भविष्य के विकास मॉडल का विषय बन जाती है। इसलिए एयर कंडीशनर के बढ़ते बाजार को समझने के लिए अब भारत की बिजली व्यवस्था और उसकी वास्तविक क्षमता को समझना आवश्यक हो जाता है।

क्या भारत के पास इतनी बिजली है? आँकड़ों से आगे की वास्तविकता

भारत में बिजली की मांग और आपूर्ति

यदि पिछले कुछ वर्षों के सरकारी आँकड़ों को देखा जाए तो पहली नज़र में ऐसा प्रतीत होता है कि भारत ने बिजली क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर ली है। एक समय था जब गर्मियों के दौरान बिजली की मांग और उपलब्ध आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर देखने को मिलता था। परिणामस्वरूप व्यापक स्तर पर लोड शेडिंग, बिजली कटौती और उद्योगों पर प्रतिबंध जैसी परिस्थितियाँ उत्पन्न होती थीं। लेकिन उपरोक्त चित्र यह दर्शाता है कि देश में शीर्ष मांग (Peak Demand) और अधिकतम उपलब्ध आपूर्ति (Peak Supply) के बीच का अंतर लगभग समाप्त हो चुका है। पहली दृष्टि में यह भारत की ऊर्जा व्यवस्था की बड़ी सफलता प्रतीत होती है।

किन्तु यहीं सबसे बड़ी सावधानी बरतने की आवश्यकता है। बिजली के क्षेत्र में “घाटा शून्य” (Zero Deficit) और “हर समय सभी को पर्याप्त बिजली उपलब्ध होना” दोनों एक जैसी बातें नहीं हैं। यह अंतर समझे बिना भारत की ऊर्जा व्यवस्था का सही आकलन नहीं किया जा सकता। वास्तव में राष्ट्रीय स्तर पर मांग और आपूर्ति का संतुलन यह दर्शाता है कि देश कुल मिलाकर उतनी बिजली उत्पन्न करने की क्षमता विकसित कर चुका है जितनी किसी समय विशेष पर आवश्यक होती है। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि देश के प्रत्येक राज्य, प्रत्येक शहर और प्रत्येक गाँव तक समान गुणवत्ता और निरंतरता के साथ बिजली पहुँच रही है। भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण देश में ऊर्जा प्रणाली केवल उत्पादन का प्रश्न नहीं है, बल्कि उत्पादन से लेकर अंतिम उपभोक्ता तक बिजली पहुँचाने की पूरी श्रृंखला का विषय है। इसी कारण ऊर्जा विशेषज्ञ बिजली व्यवस्था को चार परस्पर जुड़े हुए चरणों में समझते हैं –

बिजली व्यवस्था के चार चरण

इन चारों चरणों में से किसी एक में भी कमजोरी पूरे तंत्र की क्षमता को प्रभावित कर सकती है। इसलिए यह मान लेना कि पर्याप्त उत्पादन का अर्थ स्वतः विश्वसनीय आपूर्ति है, वास्तविकता का अत्यधिक सरलीकरण होगा।

भारतीय संविधान में बिजली समवर्ती सूची (Concurrent List) का विषय है, अर्थात् इसके संचालन में केंद्र और राज्य दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सामान्यतः जेनरेशन और राष्ट्रीय ट्रांसमिशन नेटवर्क का बड़ा हिस्सा केंद्र सरकार तथा उसकी एजेंसियों के अधीन होता है, जबकि वितरण और अंतिम उपभोक्ताओं तक बिजली पहुँचाने की जिम्मेदारी मुख्यतः राज्यों की वितरण कंपनियों (DISCOMs) पर होती है। यही कारण है कि राष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा उपलब्ध होने के बावजूद विभिन्न राज्यों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में उल्लेखनीय अंतर दिखाई देता है।

यहीं एक और महत्वपूर्ण अवधारणा समझना आवश्यक है। भारत की स्थापित विद्युत क्षमता (Installed Capacity) और वास्तविक उत्पादन (Actual Generation) एक ही चीज़ नहीं हैं। किसी भी देश का प्रत्येक बिजली संयंत्र पूरे वर्ष अपनी अधिकतम क्षमता पर कार्य नहीं करता। ताप विद्युत संयंत्रों में रखरखाव (Maintenance), ईंधन की उपलब्धता, तकनीकी बाधाएँ तथा परिचालन सीमाएँ उत्पादन को प्रभावित करती हैं। इसी प्रकार सौर ऊर्जा केवल दिन में उपलब्ध होती है, जबकि पवन ऊर्जा हवा की गति पर निर्भर करती है। इसलिए स्थापित क्षमता जितनी भी हो, वास्तविक उपलब्ध बिजली अनेक तकनीकी और प्राकृतिक कारकों पर निर्भर करती है। इसके अलावा प्रति व्यक्ति स्थापित विद्युत क्षमता (Installed Capacity) में भारत का स्थान आज भी काफी नीचे है और यदि एक बड़ी आबादी AC का इस्तेमाल करती है तो हमारी स्थापित विद्युत क्षमता (Installed Capacity) बिलकुल नाकाफी साबित होगी। 

पिछले एक दशक में भारत ने बिजली उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय विस्तार किया है और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी विश्व स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। यह उपलब्धि निस्संदेह महत्वपूर्ण है, किंतु इसके साथ यह समझना भी आवश्यक है कि बिजली की बढ़ती उपलब्धता और बिजली की असीमित उपलब्धता में मूलभूत अंतर है। जैसे-जैसे एयर कंडीशनर की संख्या बढ़ेगी, वैसे-वैसे गर्मियों के दौरान कुछ घंटों में बिजली की मांग अत्यधिक तीव्र रूप से बढ़ेगी। ऊर्जा प्रणाली के लिए चुनौती पूरे वर्ष बिजली उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हीं कुछ घंटों में विश्वसनीय आपूर्ति बनाए रखना है जब पूरा देश एक साथ कूलिंग की आवश्यकता महसूस करता है।

यही कारण है कि एयर कंडीशनर पर चर्चा केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं रह सकती। यदि भविष्य में करोड़ों नए एयर कंडीशनर जुड़ते हैं, तो प्रश्न केवल यह नहीं होगा कि देश कितनी बिजली बना सकता है, बल्कि यह भी होगा कि क्या हमारी वितरण व्यवस्था, स्थानीय ग्रिड, ट्रांसफॉर्मर और शहरी विद्युत अवसंरचना उस अतिरिक्त भार को सुरक्षित और निरंतर वहन करने के लिए तैयार हैं?

इस प्रश्न का उत्तर समझने के लिए अब भारत की बिजली व्यवस्था के प्रत्येक चरण जेनरेशन, ट्रांसमिशन, डिस्ट्रिब्यूशन और उपभोग का अलग-अलग विश्लेषण करना आवश्यक है। इन्हीं चार स्तंभों पर भविष्य की कूलिंग व्यवस्था और ऊर्जा सुरक्षा दोनों निर्भर करेंगी।

भारत की बिजली व्यवस्था के चार स्तंभ: क्या केवल अधिक बिजली बना लेना पर्याप्त है?

बिजली उत्पादन (Electricity Generation) – भारत में जब भी बिजली की चर्चा होती है, अधिकांश लोगों का ध्यान केवल बिजली उत्पादन (Electricity Generation) पर जाता है। सामान्य धारणा यही है कि यदि देश अधिक बिजली बनाने लगेगा, तो ऊर्जा से जुड़ी अधिकांश समस्याएँ स्वतः समाप्त हो जाएँगी। लेकिन वास्तविकता इससे कहीं अधिक जटिल है। बिजली उत्पादन पूरी व्यवस्था का केवल पहला चरण है। यदि शेष तंत्र कमजोर हो, तो पर्याप्त उत्पादन के बावजूद अंतिम उपभोक्ता तक विश्वसनीय बिजली नहीं पहुँच पाती।

पिछले एक दशक में भारत ने बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज देश विश्व के सबसे बड़े बिजली उत्पादकों में शामिल है और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी अग्रणी देशों की श्रेणी में पहुँच चुका है। सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा के तीव्र विस्तार ने यह संकेत दिया है कि भारत पारंपरिक ऊर्जा से स्वच्छ ऊर्जा की ओर संक्रमण की दिशा में गंभीरता से आगे बढ़ रहा है।

फिर भी यह समझना आवश्यक है कि स्थापित क्षमता (Installed Capacity) और हर समय उपलब्ध बिजली (Firm Power) एक जैसी नहीं होती। कोई भी विद्युत प्रणाली अपनी स्थापित क्षमता का शत-प्रतिशत उपयोग लगातार नहीं कर सकती। ताप विद्युत संयंत्रों को समय-समय पर रखरखाव की आवश्यकता होती है, ईंधन की उपलब्धता उत्पादन को प्रभावित कर सकती है, जबकि सौर और पवन ऊर्जा जैसे स्रोत प्रकृति पर निर्भर होते हैं। सूर्यास्त के बाद सौर ऊर्जा उपलब्ध नहीं रहती और पवन ऊर्जा भी मौसम के अनुसार बदलती रहती है।

इसलिए आंकड़े बताते हैं कि भारत ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अवश्य हासिल की हैं, लेकिन आज भी देश की विद्युत व्यवस्था का सबसे बड़ा आधार कोयला आधारित ताप विद्युत संयंत्र ही हैं। भारत की कुल बिजली उत्पादन का बड़ा हिस्सा अब भी कोयले से प्राप्त होता है, क्योंकि वर्तमान परिस्थितियों में यही स्रोत बड़े पैमाने पर निरंतर (Firm Power) और मांग के अनुरूप बिजली उपलब्ध कराने में सबसे सक्षम है। 

पारेषण (Transmission): भारत की एक बड़ी सफलता – यदि बिजली क्षेत्र के किसी हिस्से को पिछले दो दशकों की सबसे बड़ी सफलता कहा जाए, तो वह राष्ट्रीय पारेषण तंत्र है। आज भारत का वन नेशन, वन ग्रिड (One Nation, One Grid) मॉडल दुनिया के सबसे बड़े समन्वित विद्युत नेटवर्कों में से एक माना जाता है। इसके कारण देश के एक हिस्से में उत्पन्न बिजली को आवश्यकता पड़ने पर दूसरे हिस्से तक अपेक्षाकृत तेजी से पहुँचाया जा सकता है।

नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार में भी इस मजबूत ग्रिड की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राजस्थान के सौर ऊर्जा संयंत्रों या गुजरात एवं तमिलनाडु के पवन ऊर्जा क्षेत्रों में उत्पन्न बिजली को दूर-दराज़ के राज्यों तक पहुँचाना अब पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हुआ है। यही कारण है कि राष्ट्रीय स्तर पर बिजली की उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार दिखाई देता है।

हालाँकि, पारेषण नेटवर्क जितना मजबूत हुआ है, उससे यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि अंतिम उपभोक्ता तक बिजली पहुँचाने की चुनौती भी समान रूप से हल हो चुकी है। बिजली राष्ट्रीय ग्रिड तक पहुँच जाना और हर घर तक गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति होना, दोनों अलग-अलग चरण हैं। यही अंतर हमें वितरण व्यवस्था की ओर ले जाता है।

वितरण (Distribution): भारत की बिजली व्यवस्था की सबसे कमजोर कड़ी – यदि भारत की ऊर्जा व्यवस्था का सबसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र चुना जाए, तो वह निस्संदेह वितरण (Distribution) है। यही वह स्तर है जहाँ राष्ट्रीय उपलब्धियाँ अक्सर स्थानीय समस्याओं में बदल जाती हैं।

देश के अनेक राज्यों में वितरण कंपनियाँ (DISCOMs) वर्षों से वित्तीय दबाव का सामना कर रही हैं। कई स्थानों पर बिजली वितरण का आधारभूत ढाँचा जैसे ट्रांसफॉर्मर, फीडर और स्थानीय वितरण लाइनें इत्यादि का बढ़ती मांग के अनुरूप पर्याप्त गति से विकसित नहीं हो पाया है। जैसे-जैसे शहरों में एयर कंडीशनर, इलेक्ट्रिक उपकरण और भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहन बढ़ेंगे, सबसे पहला दबाव इन्हीं स्थानीय नेटवर्कों पर पड़ेगा।

भारत की बिजली व्यवस्था की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि कई बार समस्या बिजली की कमी नहीं, बल्कि बिजली को अंतिम उपभोक्ता तक विश्वसनीय रूप से पहुँचाने की क्षमता होती है। गर्मियों में जब किसी शहर के हजारों एयर कंडीशनर एक साथ चालू होते हैं, तब स्थानीय ट्रांसफॉर्मर और वितरण लाइनें अचानक अत्यधिक भार का सामना करती हैं। परिणामस्वरूप कई क्षेत्रों में वोल्टेज गिरना, बार-बार बिजली बाधित होना या ट्रांसफॉर्मरों का क्षतिग्रस्त होना जैसी समस्याएँ सामने आती हैं।

वितरण व्यवस्था केवल तकनीकी नहीं, बल्कि आर्थिक और राजनीतिक चुनौती भी है। कई राज्यों में बिजली दरें सामाजिक और राजनीतिक कारणों से वास्तविक लागत से कम रखी जाती हैं। कृषि और घरेलू उपभोक्ताओं को दी जाने वाली सब्सिडी सामाजिक दृष्टि से आवश्यक हो सकती है, लेकिन इससे वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति प्रभावित होती है। जब वितरण कंपनियों के पास पर्याप्त संसाधन नहीं होते, तब नए ट्रांसफॉर्मर लगाने, वितरण नेटवर्क को आधुनिक बनाने और रखरखाव पर निवेश भी सीमित हो जाता है।

यही कारण है कि भारत में बिजली उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि के बावजूद अनेक क्षेत्रों में आज भी उपभोक्ता निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का अनुभव नहीं कर पाते।

उपभोग (Consumption): केवल बिजली की उपलब्धता नहीं, बल्कि उसके उपयोग का भी प्रश्न – भारत की बिजली व्यवस्था में उपभोक्ता (Consumer) केवल अंतिम उपयोगकर्ता नहीं है, बल्कि पूरी ऊर्जा प्रणाली का एक महत्वपूर्ण घटक है। बिजली उत्पादन, पारेषण और वितरण की तरह उपभोग का स्वरूप भी यह निर्धारित करता है कि पूरी व्यवस्था कितनी प्रभावी और टिकाऊ होगी। भारत में चुनौती केवल पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करने की भी है कि उपलब्ध बिजली का उपयोग निर्धारित मानकों और नियमों के अनुरूप हो।

वर्तमान समय में बिजली उपभोग से जुड़ी सबसे बड़ी समस्याओं में से एक अनुबंधित भार (Sanctioned Load) और वास्तविक उपयोग (Actual Load) के बीच का अंतर है। अनेक उपभोक्ता जिस क्षमता का बिजली कनेक्शन लेते हैं, व्यवहार में उससे कहीं अधिक विद्युत भार का उपयोग करते हैं। घरेलू कनेक्शन पर उच्च क्षमता वाले विद्युत उपकरणों का लगातार संचालन स्थानीय वितरण तंत्र पर अतिरिक्त दबाव डालता है। जब किसी क्षेत्र में बड़ी संख्या में उपभोक्ता निर्धारित सीमा से अधिक बिजली का उपयोग करते हैं, तो ट्रांसफॉर्मर और वितरण लाइनें अपनी डिजाइन क्षमता से अधिक भार वहन करने लगती हैं, जिससे बार-बार फॉल्ट, वोल्टेज में उतार-चढ़ाव और उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने जैसी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं।

एक अन्य गंभीर चुनौती घरेलू (Domestic) और वाणिज्यिक (Commercial) उपयोग के बीच की सीमा का धुंधला होना है। अनेक स्थानों पर घरेलू बिजली कनेक्शन का उपयोग छोटे उद्योगों, दुकानों, कार्यालयों, गोदामों अथवा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जाता है। चूँकि घरेलू और वाणिज्यिक श्रेणियों की बिजली दरों में अंतर होता है, इसलिए इस प्रकार का उपयोग न केवल वितरण कंपनियों के राजस्व को प्रभावित करता है, बल्कि बिजली मांग के वास्तविक आकलन को भी विकृत कर देता है। परिणामस्वरूप वितरण नेटवर्क की योजना और क्षमता विस्तार में भी कठिनाइयाँ उत्पन्न होती हैं।

इसी प्रकार व्यक्तिगत स्टेबलाइज़र (Personal Voltage Stabilizers) और अन्य निजी विद्युत उपकरणों का अनियंत्रित उपयोग भी भारत की बिजली व्यवस्था की एक विशिष्ट समस्या है। वोल्टेज में उतार-चढ़ाव से बचने के लिए लाखों उपभोक्ता अपने स्तर पर स्टेबलाइज़र और अतिरिक्त विद्युत उपकरणों का उपयोग करते हैं। यह व्यवस्था व्यक्तिगत स्तर पर समाधान अवश्य प्रदान करती है, लेकिन व्यापक स्तर पर यह इस बात का संकेत भी है कि वितरण प्रणाली की गुणवत्ता अभी भी सभी क्षेत्रों में समान रूप से विश्वसनीय नहीं हो पाई है।

इन तकनीकी चुनौतियों के साथ एक महत्वपूर्ण राजनीतिक-आर्थिक (Political Economy) पक्ष भी जुड़ा हुआ है। बिजली भारत में केवल एक आर्थिक वस्तु नहीं, बल्कि एक संवेदनशील सामाजिक और राजनीतिक विषय भी है। विभिन्न राज्यों में बिजली दरें, सब्सिडी, रियायती कनेक्शन और बिल वसूली से जुड़े निर्णय अक्सर राजनीतिक प्राथमिकताओं से प्रभावित होते हैं। ऐसे में अनधिकृत भार, श्रेणी के विपरीत उपयोग या विद्युत चोरी जैसे मामलों में कठोर कार्रवाई करना कई बार प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण हो जाता है। परिणामस्वरूप नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और उपभोक्ता अनुशासन के बीच एक स्पष्ट अंतर दिखाई देता है।

इसका प्रभाव केवल वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति तक सीमित नहीं रहता। जब बिजली की वास्तविक मांग और दर्ज की गई मांग में अंतर होता है, तब भविष्य की उत्पादन योजना, ट्रांसफॉर्मर क्षमता, फीडर डिज़ाइन और स्थानीय ग्रिड विस्तार जैसे निर्णय भी प्रभावित होते हैं। अर्थात उपभोक्ता स्तर पर उत्पन्न छोटी-छोटी अनियमितताएँ अंततः पूरी बिजली व्यवस्था की दक्षता को प्रभावित कर सकती हैं।

इसके अतिरिक्त, भारत की ऊर्जा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि समय के साथ बिजली केवल एक ऊर्जा स्रोत नहीं, बल्कि लगभग सभी ऊर्जा प्रणालियों का साझा आधार (Common Energy Platform) बनती जा रही है। परिवहन, घरेलू ऊर्जा, औद्योगिक उत्पादन, डिजिटल अवसंरचना और संचार—सभी क्षेत्रों में विद्युत पर निर्भरता निरंतर बढ़ रही है। विशेष रूप से जब पेट्रोल, डीज़ल अथवा एलपीजी जैसी पारंपरिक ऊर्जा के मूल्य बढ़ते हैं, आपूर्ति प्रभावित होती है अथवा इनके उपयोग को कम करने की नीति अपनाई जाती है, तब स्वाभाविक रूप से ऊर्जा की मांग बिजली की ओर स्थानांतरित होने लगती है। इलेक्ट्रिक वाहन, इंडक्शन कुकटॉप, हीट पंप, इलेक्ट्रिक बॉयलर तथा अन्य विद्युत उपकरण इसी परिवर्तन का उदाहरण हैं।

इस दृष्टि से बिजली अब केवल एक उपभोग की वस्तु नहीं रह गई है, बल्कि राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा (Energy Security) का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ बन चुकी है। भविष्य में यदि जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता घटती है, तो परिवहन, खाना पकाने, शीतलन और अनेक औद्योगिक प्रक्रियाओं का भार भी क्रमशः विद्युत प्रणाली पर ही आएगा। अर्थात बिजली को अब किसी एक क्षेत्र की आवश्यकता के रूप में नहीं, बल्कि सम्पूर्ण अर्थव्यवस्था की ‘बैकबोन एनर्जी’ (Backbone Energy) के रूप में देखना होगा। यही कारण है कि विद्युत क्षेत्र की विश्वसनीयता, क्षमता और दक्षता केवल बिजली मंत्रालय का विषय नहीं, बल्कि भारत की समग्र ऊर्जा, आर्थिक और सामरिक सुरक्षा से जुड़ा प्रश्न बन चुकी है।

इसलिए भारत की ऊर्जा चुनौती केवल अधिक बिजली उत्पादन या बेहतर वितरण तक सीमित नहीं है। उत्तरदायी उपभोग (Responsible Consumption), अनुबंधित भार का पालन, श्रेणी के अनुरूप उपयोग तथा ऊर्जा अनुशासन भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। जब तक उपभोग व्यवस्था अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और नियम-आधारित नहीं होगी, तब तक बिजली क्षेत्र में किए गए बड़े निवेशों का पूरा लाभ प्राप्त करना कठिन रहेगा।

इस प्रकार हम देख सकते हैं कि भारत के सामने वास्तविक चुनौती सिर्फ बिजली का उत्पादन नहीं, बल्कि ऊर्जा प्रणाली की समग्र क्षमता है। देश ने उत्पादन और राष्ट्रीय ग्रिड के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन वितरण, स्थानीय अवसंरचना और बढ़ती उपभोग मांग भविष्य की सबसे बड़ी परीक्षा होंगी। यदि एयर कंडीशनर की संख्या वर्तमान गति से बढ़ती रही, तो केवल नए बिजली संयंत्र बनाना पर्याप्त नहीं होगा। भारत को ऐसी ऊर्जा व्यवस्था विकसित करनी होगी जो उत्पादन से लेकर अंतिम उपभोक्ता तक हर स्तर पर इस बढ़ती कूलिंग मांग को सुरक्षित, विश्वसनीय और टिकाऊ ढंग से संभाल सके।

नवीकरणीय ऊर्जा का उदय: क्या स्वच्छ ऊर्जा भारत की बढ़ती कूलिंग मांग को पूरा कर सकती है?

यदि केवल पिछले एक दशक की बात करें, तो ऊर्जा क्षेत्र में भारत ने जिस गति से परिवर्तन किया है, वह विश्व स्तर पर भी उल्लेखनीय माना जाता है। एक समय था जब भारत की ऊर्जा नीति का केंद्र मुख्यतः कोयला आधारित विद्युत उत्पादन था, लेकिन आज देश सौर और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है। यह परिवर्तन केवल ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने का प्रयास नहीं है, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास के बीच संतुलन स्थापित करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।

अंतरराष्ट्रीय नवीकरणीय ऊर्जा एजेंसी (IRENA) के अनुसार भारत आज सौर ऊर्जा क्षमता में विश्व में तीसरे, पवन ऊर्जा में चौथे तथा कुल स्थापित नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में तीसरे स्थान पर है। यह उपलब्धि केवल रैंकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि इस बात का संकेत है कि भारत वैश्विक ऊर्जा संक्रमण (Global Energy Transition) में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पिछले दस वर्षों में सौर ऊर्जा क्षमता में हुई तीव्र वृद्धि और पवन ऊर्जा का विस्तार इस परिवर्तन की स्पष्ट तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। इसी अवधि में पहली बार ऐसा अवसर भी आया जब एक दिन की कुल विद्युत मांग का आधे से अधिक हिस्सा नवीकरणीय स्रोतों से पूरा किया गया। यह केवल एक सांकेतिक उपलब्धि नहीं थी, बल्कि इस बात का प्रमाण था कि स्वच्छ ऊर्जा अब भारतीय बिजली व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है।

किन्तु इस सफलता को समझने के साथ-साथ उसकी सीमाओं को समझना भी उतना ही आवश्यक है। नवीकरणीय ऊर्जा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह स्वच्छ है, स्थानीय संसाधनों पर आधारित है और दीर्घकाल में जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करती है। लेकिन इसकी सबसे बड़ी चुनौती यह है कि यह परिवर्तनशील (Variable) ऊर्जा स्रोत है। सौर ऊर्जा केवल दिन के समय उपलब्ध होती है और उसका उत्पादन बादलों तथा मौसम पर निर्भर करता है। इसी प्रकार पवन ऊर्जा भी हवा की गति के अनुसार बदलती रहती है। इसके विपरीत एयर कंडीशनर की मांग प्रकृति के अनुसार नहीं, बल्कि मानव जीवन की आवश्यकताओं के अनुसार चलती है। 

यहीं से ऊर्जा नीति का सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न सामने आता है। क्या अधिक सौर ऊर्जा स्थापित कर देने मात्र से एयर कंडीशनर की भविष्य की मांग पूरी हो जाएगी? इसका उत्तर सरल नहीं है। नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन बढ़ाना आवश्यक है, लेकिन उसके साथ ऊर्जा भंडारण (Energy Storage), बैटरी तकनीक, पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज, स्मार्ट ग्रिड, मांग प्रबंधन (Demand Side Management) और ऊर्जा दक्ष उपकरणों का विकास भी उतना ही आवश्यक है। यदि इन क्षेत्रों में समान गति से प्रगति नहीं होती, तो केवल स्थापित क्षमता बढ़ाने से भविष्य की ऊर्जा चुनौतियों का समाधान नहीं होगा।

यही कारण है कि भारत की ऊर्जा नीति केवल बड़े बिजली संयंत्रों तक सीमित नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने ऊर्जा के विकेंद्रीकरण (Decentralisation) पर भी विशेष बल दिया है। प्रधानमंत्री कुसुम (PM-KUSUM) योजना के माध्यम से किसानों को केवल बिजली उपभोक्ता नहीं, बल्कि ऊर्जा उत्पादक बनाने का प्रयास किया गया है। कृषि पंपों के सौरकरण, छोटे ग्रिड से जुड़े सौर संयंत्रों और अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचने की व्यवस्था ने ग्रामीण ऊर्जा मॉडल में एक नया दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है। इसी प्रकार पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से लाखों परिवारों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य केवल बिजली बिल कम करना नहीं है, बल्कि शहरी क्षेत्रों में बिजली उत्पादन को अधिक विकेंद्रीकृत और आत्मनिर्भर बनाना भी है।

भारत की भूमिका केवल घरेलू स्तर तक सीमित नहीं है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश ने स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नेतृत्व स्थापित किया है। अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (International Solar Alliance) की स्थापना, Mission Innovation, Clean Energy Ministerial में सक्रिय भागीदारी तथा COP-26 में प्रस्तुत ‘पंचामृत’ संकल्प यह दर्शाते हैं कि भारत जलवायु परिवर्तन के समाधान को केवल राष्ट्रीय नहीं, बल्कि वैश्विक उत्तरदायित्व के रूप में देखता है। वर्ष 2030 के लिए निर्धारित गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता के लक्ष्य को समय से पहले प्राप्त करना भी इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

फिर भी, इन सभी उपलब्धियों के बावजूद यह निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा कि भारत अब असीमित ऊर्जा उपलब्ध कराने की स्थिति में पहुँच चुका है। वास्तव में नवीकरणीय ऊर्जा ने भारत की क्षमता अवश्य बढ़ाई है, लेकिन भविष्य की चुनौती केवल उत्पादन की नहीं, बल्कि मांग के स्वरूप (Demand Profile) की भी है। यदि आने वाले वर्षों में करोड़ों नए एयर कंडीशनर, इलेक्ट्रिक वाहन, डेटा सेंटर और डिजिटल अवसंरचना एक साथ बिजली की मांग बढ़ाते हैं, तो ऊर्जा प्रणाली को केवल अधिक बिजली नहीं, बल्कि सही समय पर सही स्थान पर पर्याप्त बिजली उपलब्ध करानी होगी।

यही कारण है कि भविष्य का ऊर्जा संक्रमण केवल “कोयले से सौर ऊर्जा” का संक्रमण नहीं है। यह केंद्रीकृत उत्पादन से विकेंद्रीकृत ऊर्जा, असीमित उपभोग से ऊर्जा दक्षता, और सिर्फ बिजली उत्पादन से समग्र ऊर्जा प्रबंधन की ओर परिवर्तन है। यदि इस व्यापक दृष्टिकोण को अपनाया जाता है, तो नवीकरणीय ऊर्जा भारत की बढ़ती कूलिंग आवश्यकताओं को स्थायी आधार प्रदान कर सकती है। लेकिन यदि ऊर्जा संक्रमण को केवल स्थापित क्षमता के आँकड़ों तक सीमित कर दिया गया, तो बढ़ती एयर कंडीशनर संस्कृति भविष्य में फिर से बिजली प्रणाली पर गंभीर दबाव उत्पन्न कर सकती है।

इस प्रकार स्पष्ट है कि भारत स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर चुका है और विश्व को नई दिशा भी दे रहा है। किंतु बढ़ती गर्मी के युग में वास्तविक सफलता केवल अधिक बिजली उत्पन्न करने से नहीं, बल्कि ऐसी ऊर्जा व्यवस्था विकसित करने से मिलेगी जो स्वच्छ भी हो, विश्वसनीय भी हो और भविष्य की बढ़ती कूलिंग आवश्यकताओं को बिना पर्यावरण पर अतिरिक्त बोझ डाले पूरा कर सके।

क्या एयर कंडीशनर ही भविष्य है? भारत के लिए टिकाऊ कूलिंग (Sustainable Cooling) का मार्ग

अब तक की चर्चा से यह स्पष्ट हो जाता है कि एयर कंडीशनर मूल समस्या नहीं हैं। बढ़ती गर्मी के बीच प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित और आरामदायक जीवन जीने का अधिकार है, और यदि किसी परिवार के लिए एयर कंडीशनर स्वास्थ्य, उत्पादकता या जीवन की गुणवत्ता बनाए रखने का साधन बनता है, तो इसे केवल विलासिता कहकर खारिज नहीं किया जा सकता। वास्तविक प्रश्न यह नहीं है कि लोग एयर कंडीशनर क्यों खरीद रहे हैं, बल्कि यह है कि क्या हमारा विकास मॉडल ऐसी दिशा में आगे बढ़ रहा है जहाँ प्रत्येक नई समस्या का समाधान केवल अधिक बिजली खपत करने वाली मशीनों में खोजा जाए?

यहीं भारत को कूलिंग (Cooling) और एयर कंडीशनिंग (Air Conditioning) के बीच का मूलभूत अंतर समझने की आवश्यकता है। एयर कंडीशनिंग कूलिंग का केवल एक माध्यम है, स्वयं कूलिंग नहीं। यदि किसी भवन का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि उसमें प्राकृतिक वायु संचार पर्याप्त हो, दीवारें और छतें कम ऊष्मा अवशोषित करें, आसपास हरित क्षेत्र हों और सूर्य के प्रत्यक्ष प्रभाव को नियंत्रित किया जाए, तो बिना अतिरिक्त ऊर्जा खर्च किए भी तापमान में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। अर्थात् सबसे सस्ती और सबसे स्वच्छ ऊर्जा वही होती है, जिसकी आवश्यकता ही न पड़े।

विडंबना यह है कि आधुनिक भारतीय शहरों का बड़ा हिस्सा इस सिद्धांत के बिल्कुल विपरीत विकसित हुआ है। पारंपरिक भारतीय वास्तुकला सदियों तक स्थानीय जलवायु के अनुरूप विकसित होती रही। मोटी दीवारें, ऊँची छतें, आँगन, जालियाँ, छज्जे, बरामदे, मिट्टी और पत्थर जैसे स्थानीय निर्माण पदार्थ इन सबका उद्देश्य केवल सौंदर्य नहीं था, बल्कि प्राकृतिक कूलिंग भी था। आज इनके स्थान पर काँच से ढकी ऊँची इमारतें, कंक्रीट की सतहें और अत्यधिक घनत्व वाले शहरी क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहे हैं। परिणामस्वरूप भवन स्वयं गर्मी को संग्रहित करने लगे हैं और फिर उसी गर्मी से बचने के लिए एयर कंडीशनर पर निर्भरता बढ़ती जा रही है। यह एक प्रकार का ऊर्जा-निर्भर विकास चक्र है, जिसमें भवनों की डिज़ाइन ही ऊर्जा की अतिरिक्त मांग उत्पन्न कर रही है।

इसीलिए विश्व भर में अब Passive Cooling अर्थात् निष्क्रिय कूलिंग (बिना मशीनों के तापमान नियंत्रित करना) पर पुनः बल दिया जा रहा है। इसमें कूल रूफ (Cool Roofs), परावर्तक पेंट, बेहतर इन्सुलेशन, प्राकृतिक वेंटिलेशन, छायादार वृक्ष, जल निकायों का संरक्षण और जलवायु-अनुकूल भवन डिज़ाइन जैसे उपाय शामिल हैं। इन उपायों का महत्व केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं है। यदि किसी भवन का तापमान स्वाभाविक रूप से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम रखा जा सके, तो एयर कंडीशनर की आवश्यकता और उसकी बिजली खपत दोनों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। अर्थात् यह समाधान बिजली उत्पादन बढ़ाने से पहले ही ऊर्जा की मांग को कम कर देता है।

शहरी नियोजन भी इस चर्चा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पक्ष है। आने वाले वर्षों में भारत की शहरी आबादी में तीव्र वृद्धि होने की संभावना है। यदि नए शहर और आवासीय परियोजनाएँ उसी ऊर्जा-प्रधान मॉडल पर विकसित होती रहीं, तो भविष्य में एयर कंडीशनर की मांग को नियंत्रित करना लगभग असंभव हो जाएगा। इसलिए शहरों की योजना बनाते समय हरित क्षेत्र, वृक्षों का संरक्षण, जल निकायों का पुनर्जीवन, भवनों के बीच पर्याप्त दूरी और जलवायु-अनुकूल निर्माण मानकों को केवल पर्यावरणीय विकल्प नहीं, बल्कि ऊर्जा नीति का भी हिस्सा माना जाना चाहिए।

इसी दिशा में भारत सरकार ने भी कुछ महत्वपूर्ण कदम उठाने प्रारंभ किए हैं। ऊर्जा दक्ष उपकरणों को बढ़ावा देने के लिए BEE स्टार रेटिंग व्यवस्था लागू की गई है, जिससे कम बिजली खपत करने वाले एयर कंडीशनरों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलता है। इसके अतिरिक्त एयर कंडीशनर के तापमान को 20°C से कम और 28°C से अधिक न रखने संबंधी प्रस्तावित मानक भी इसी सोच का हिस्सा हैं। इनका उद्देश्य लोगों की सुविधा कम करना नहीं, बल्कि अनावश्यक ऊर्जा खपत को सीमित करना है। केवल एक या दो डिग्री अधिक तापमान पर एयर कंडीशनर चलाने से भी राष्ट्रीय स्तर पर बिजली की मांग में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

भारत आज एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है जहाँ जलवायु परिवर्तन, तीव्र शहरीकरण और आर्थिक विकास एक साथ नई चुनौतियाँ और नए अवसर लेकर आए हैं। बढ़ती गर्मी के बीच एयर कंडीशनर की मांग का बढ़ना स्वाभाविक है और इसे केवल उपभोक्तावाद या विलासिता का परिणाम मानना वास्तविकता से आँखें मूँदने जैसा होगा। आने वाले वर्षों में करोड़ों भारतीय बेहतर जीवन स्तर के साथ कूलिंग सुविधाओं की भी अपेक्षा करेंगे, और यह आकांक्षा पूरी तरह वैध है।

लेकिन इस आकांक्षा को पूरा करने का मार्ग केवल अधिक एयर कंडीशनर बेचने या अधिक बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं हो सकता। यदि कूलिंग की बढ़ती आवश्यकता को ऊर्जा दक्ष भवनों, जलवायु-अनुकूल शहरी नियोजन, नवीकरणीय ऊर्जा, स्मार्ट ग्रिड, ऊर्जा भंडारण और जिम्मेदार उपभोग के साथ नहीं जोड़ा गया, तो वही एयर कंडीशनर, जो आज गर्मी से राहत का साधन हैं, भविष्य में बिजली व्यवस्था पर असहनीय दबाव और जलवायु परिवर्तन की नई चुनौतियों का कारण भी बन सकते हैं।

भारत ने स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और विश्व मंच पर नेतृत्व स्थापित किया है। अब अगला चरण केवल ऊर्जा उत्पादन का नहीं, बल्कि बुद्धिमत्तापूर्ण ऊर्जा उपयोग (Intelligent Energy Use) का है। भविष्य उस समाज का होगा जो केवल अधिक बिजली पैदा नहीं करेगा, बल्कि उसकी आवश्यकता भी कम करेगा।

इसलिए भारत के सामने वास्तविक प्रश्न यह नहीं है कि “क्या हर घर में एयर कंडीशनर होगा?” बल्कि यह है कि “क्या हर घर को बिना पर्यावरण और ऊर्जा व्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ डाले आरामदायक बनाया जा सकता है?” यदि हम इस प्रश्न का उत्तर खोजने में सफल होते हैं, तो भारत केवल बढ़ती गर्मी से ही नहीं लड़ेगा, बल्कि वह दुनिया के सामने टिकाऊ कूलिंग (Sustainable Cooling) का एक नया विकास मॉडल भी प्रस्तुत कर सकेगा।

To read more such articles, check Indian Environmentalism!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *